भरखरा में खड़ी बस को शरारती तत्वों ने फूंका, लाखों की क्षति, मायूस है वाहन मालिक

राजपुर प्रखंड के बन्नी पंचायत अंतर्गत धनसोई थाना क्षेत्र के भरखरा गांव में बुधवार की देर रात एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। गांव के पश्चिम स्थित पोखरा के समीप खड़ी एक यात्री बस को अज्ञात शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया।

भरखरा में खड़ी बस को शरारती तत्वों ने फूंका, लाखों की क्षति, मायूस है वाहन मालिक

केटी न्यूज/राजपुर

राजपुर प्रखंड के बन्नी पंचायत अंतर्गत धनसोई थाना क्षेत्र के भरखरा गांव में बुधवार की देर रात एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। गांव के पश्चिम स्थित पोखरा के समीप खड़ी एक यात्री बस को अज्ञात शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जल उठी और कुछ ही देर में लोहे के ढांचे में तब्दील हो गई। घटना में बस मालिक को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने की बात कही जा रही है।जानकारी के अनुसार किशुनीपुर मड़निया गांव निवासी जितेन्द्र उर्फ भोला यादव की बस पिछले दो वर्षों से भरखरा-बक्सर रूट पर नियमित रूप से चल रही थी और यही वाहन उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन था।

प्रतिदिन की तरह बुधवार की शाम चालक राजीव कुमार बस को खड़ी कर अपने घर चले गए थे। देर रात सुनसान का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने बस में आग लगा दी।स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में अचानक तेज लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बाल्टी और मोटर के सहारे आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि काफी प्रयास के बावजूद बस को बचाया नहीं जा सका। सुबह होते ही जली हुई बस को देखने के लिए घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के खेत और अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ सकते थे। लोगों ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए प्रशासन से जल्द खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। धनसोई थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।