यूपी-बिहार बॉर्डर पर शराब तस्करी नाकाम, बैग में छुपाकर ला रहे थे विदेशी-देशी शराब
बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताकर यूपी से शराब की खेप ला रहे दो तस्करों को मुफ़स्सिल थाना पुलिस ने शुक्रवार को धर दबोचा। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पास से करीब 14 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की। गिरफ्तारी के बाद इलाके में शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


केटी न्यूज/चौसा
बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताकर यूपी से शराब की खेप ला रहे दो तस्करों को मुफ़स्सिल थाना पुलिस ने शुक्रवार को धर दबोचा। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पास से करीब 14 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की। गिरफ्तारी के बाद इलाके में शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।पुलिस के मुताबिक खिलाफतपुर गांव के समीप संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर मुफ़स्सिल थाना पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान दो युवक बैग लेकर बिहार सीमा की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोककर तलाशी ली तो बैग से विभिन्न ब्रांडों की देशी और विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 13.470 लीटर बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नगर पंचायत क्षेत्र के अखौरीपुर गोला निवासी धनजी कुमार और हिरामन बिंद के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि दोनों यूपी से शराब खरीदकर उसे चोरी-छिपे बिहार में सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इनके तार किसी बड़े शराब तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।अपर थानाध्यक्ष चन्दन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सीमा क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

