नावानगर बाजार के दवा दुकान में सेंधमारी कर चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
स्थानीय बाजार के एक दवा दुकान में सेंधमारी कर चोरी होने की मामला प्रकाश में आया है। इस चोरी की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने बाजार स्थित विकास मेडिकल हॉल की पिछली दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और नगद सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। इस घटना से बाजार के व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।


केटी न्यूज/नावानगर
स्थानीय बाजार के एक दवा दुकान में सेंधमारी कर चोरी होने की मामला प्रकाश में आया है। इस चोरी की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने बाजार स्थित विकास मेडिकल हॉल की पिछली दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और नगद सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। इस घटना से बाजार के व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाई, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले रेकी की गई थी। दुकान से करीब पांच हजार रुपये नगद और अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई है। सुबह ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक दुकान मालिक की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जिससे कार्रवाई की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों ने बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि हाल के दिनों में छोटी-बड़ी चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं आगे भी जारी रह सकती हैं। इस संबंध में नावानगर थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक दुकान मालिक की ओर से कोई आवेदन नहीं दी गई है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

