डुमरांव में तीन वर्षीय बच्ची केे गले से सोने का लॉकेट काट भाग रहा उचक्का पकड़ाया
डुमरांव में एक तीन वर्षीय बच्ची के गले से सोने का लॉकेट काट भाग रहे उचक्के को पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से पकड़ लिया है। हालांकि, इस दौरान उसका दूसरा साथी लॉकेट लेकर भागने में सफल रहा। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले के उद्भेदन तथा फरार उचक्के को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुट गई है।

केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव में एक तीन वर्षीय बच्ची के गले से सोने का लॉकेट काट भाग रहे उचक्के को पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से पकड़ लिया है। हालांकि, इस दौरान उसका दूसरा साथी लॉकेट लेकर भागने में सफल रहा। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले के उद्भेदन तथा फरार उचक्के को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुट गई है। जानकारी के अनुसार नगर के लालाटोली रोड निवासी मिंटू कुमार चौधरी की तीन वर्षीय पुत्री अंकिता कुमारी अपने ननिहाल धनसोई गई थी। सोमवार को वह अपने नानी के साथ वापस लौट रही थी तथा डुमरांव थाना के पास टेम्पो से उतर अपनी नानी का हाथ पकड़े पैदल अपने घर जा रही थी।

जैसे ही वह ढेलवानी मोड़ के पास पहुंची कि दो युवक तेजी से बढ़े तथा नानी के हाथ से बच्ची को छुड़ा उसके गले से सोने का लॉकेट काट अंसार कॉलोनी की तरफ भागने लगे। इस दौरान बच्ची तथा उसकी नानी के शोरगुल मचाने में पर मोहल्लेवासी तथा बच्ची के पिता व चाचा ने उचक्कों का पीछा किया। इस दौरान अंसार कॉलानी के समीप एक उचक्का पकड़ा गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई थी तथा उचक्के को हिरासत में लेकर थाने आई।

इधर बच्ची के स्वजन बच्चा चोरी का आरोप भी लगा रहे है, लेकिन पुलिस ने इसे सिरे से खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि मामला लॉकेट छिनतई का है।समाचार लिखे जाने तक पुलिस उचक्के से पूछताछ कर मामले की जानकारी तथा दूसरे उचक्के के पहचान का प्रयास कर रही है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जल्दी ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा।

