कनपटी पर कट्टा, सुनसान नहर मार्ग पर लूट की कोशिश नाकाम

मुरार थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। डुमरांव राजवाहा नहर मार्ग पर शनिवार की दोपहर बाइक सवार युवक को हथियार के बल पर लूटने की कोशिश की गई। हालांकि ग्रामीण युवकों की सतर्कता और डायल-112 पुलिस वाहन की अचानक मौजूदगी से अपराधियों की योजना विफल हो गई।

कनपटी पर कट्टा, सुनसान नहर मार्ग पर लूट की कोशिश नाकाम

--ग्रामीणों और डायल-112 की सक्रियता से भागे बदमाश, मौके पर गिरा मोबाइल बना सुराग

केटी न्यूज/चौगाईं

मुरार थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। डुमरांव राजवाहा नहर मार्ग पर शनिवार की दोपहर बाइक सवार युवक को हथियार के बल पर लूटने की कोशिश की गई। हालांकि ग्रामीण युवकों की सतर्कता और डायल-112 पुलिस वाहन की अचानक मौजूदगी से अपराधियों की योजना विफल हो गई। भागने की जल्दबाजी में एक बदमाश अपना मोबाइल घटनास्थल पर ही छोड़ गया, जो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन गया है।जानकारी के अनुसार आमसारी गांव निवासी मुन्ना कानू का 22 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार अपनी रिश्तेदारी से मुरार गांव से लौट रहा था। दोपहर करीब ढाई बजे वह बाइक से डुमरांव राजवाहा नहर मार्ग होते हुए अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान नव निर्मित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के समीप सुनसान इलाके में एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने युवक की कनपटी पर कट्टा सटाकर उससे लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर गोलू कुमार के साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के दौरान आमसारी गांव के कुछ युवक वहां पहुंच गए। इसी बीच संयोगवश डायल-112 पुलिस वाहन भी उसी रास्ते से गुजरता दिखा। पुलिस वाहन को देखते ही तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।भागते समय एक अपराधी का मोबाइल घटनास्थल पर गिर पड़ा। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मोबाइल नंबर के आधार पर अपराधियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।