बंटवारे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, रॉड से हमला; दो घायल, आभूषण छीनने का भी आरोप
जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को हिंसक झड़प में बदल गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटकी कुलहड़िया गांव में दरवाजे पर बैठे दो लोगों पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी मारपीट और सोने की चेन तथा एक युवक का लॉकेट छीनने का आरोप लगाया गया है।

__ सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी, पुलिस ने शुरू की जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई
केटी न्यूज/चौसा।
जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को हिंसक झड़प में बदल गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटकी कुलहड़िया गांव में दरवाजे पर बैठे दो लोगों पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी मारपीट और सोने की चेन तथा एक युवक का लॉकेट छीनने का आरोप लगाया गया है।घटना को लेकर छोटकी बसौली निवासी रामआसरे सिंह ने मुफस्सिल थाने में आवेदन देकर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में मारपीट, जानलेवा हमला, गाली-गलौज, धमकी देने तथा आभूषण छीनने के आरोप लगाए गए हैं।

बताया गया कि रामआसरे सिंह के दामाद ओमप्रकाश यादव और नाती धनु कुमार यादव दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान जयप्रकाश यादव उर्फ जजू, शिवनाथ यादव, राजकुमार यादव उर्फ छिल्लू समेत अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि पहुंचते ही दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई और लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में दोनों घायल हो गए।घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मंजू के गले से सोने की चेन तथा धनु कुमार यादव के गले से महावीरी लॉकेट छीनने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।मुफस्सिल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपों की जांच के साथ नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

