261 लीटर शराब के साथ दो भाई गिरफ्तार, दो लग्जरी वाहन जब्त

सोनवर्षा थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अमरपुरी पेट्रोल पंप के समीप घेराबंदी कर शराब लदी दो कारों को पकड़ा। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो और शिफ्ट डिजायर से कुल 261.99 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

261 लीटर शराब के साथ दो भाई गिरफ्तार, दो लग्जरी वाहन जब्त

केटी न्यूज/नावानगर

सोनवर्षा थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अमरपुरी पेट्रोल पंप के समीप घेराबंदी कर शराब लदी दो कारों को पकड़ा। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो और शिफ्ट डिजायर से कुल 261.99 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त करते हुए मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आरा पुरानी पुलिस लाइन एमपी बाग वार्ड संख्या 10 निवासी मनीष कुमार पाण्डेय और विकास कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में भाई बताए जा रहे हैं। सोनवर्षा थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप वाहनों के माध्यम से क्षेत्र से होकर ले जाई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय किया गया और अमरपुरी पेट्रोल पंप के पास वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो और शिफ्ट डिजायर को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों में सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। वाहनों की तलाशी लेने पर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर वाहनों को जब्त कर लिया।

बरामद शराब की कुल मात्रा 261.99 लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इस कार्रवाई से शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।