पशु मेले में मवेशी खरीदने पहुंचे किसान की बाइक पर चोरों का हाथ साफ, पुलिस ने शुरू की तलाश
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में इन दिनों वाहन चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला पशु मेला परिसर के समीप का है, जहां मवेशी खरीदने पहुंचे एक व्यक्ति की नहर किनारे खड़ी स्प्लेंडर बाइक पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने काफी देर तक आसपास तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिलने पर मुफस्सिल थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

केटी न्यूज/बक्सर:
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में इन दिनों वाहन चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला पशु मेला परिसर के समीप का है, जहां मवेशी खरीदने पहुंचे एक व्यक्ति की नहर किनारे खड़ी स्प्लेंडर बाइक पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने काफी देर तक आसपास तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिलने पर मुफस्सिल थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार राजपुर गांव निवासी संतोष कुमार सिंह बुधवार को लगने वाले पशु मेले में मवेशी खरीदने के उद्देश्य से अपनी स्प्लेंडर बाइक से पहुंचे थे। मेले के समीप नहर किनारे उन्होंने बाइक खड़ी की और खरीदारी के लिए मेले में चले गए।

कुछ समय बाद लौटने पर देखा कि निर्धारित स्थान से उनकी बाइक गायब थी।पहले उन्हें लगा कि किसी ने बाइक हटाकर दूसरी जगह खड़ी कर दी होगी, लेकिन आसपास काफी खोजबीन और लोगों से पूछताछ के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चला।पीड़ित ने तत्काल अपने स्तर से संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर मुफस्सिल थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित के अनुसार चोरी हुई स्प्लेंडर बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर-44 एएच-7573 है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ संभावित मार्गों पर भी जानकारी जुटा रही है। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही वाहन बरामद कर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा।

