विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत मामले में पिता के बयान पर दहेज हत्या का केस दर्ज, पति गिरफ्तार
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोपों को जन्म दे दिया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

__ जहर देकर हत्या का आरोप; पुलिस अन्य पहलुओं की भी कर रही जांच
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोपों को जन्म दे दिया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, मृतका के पिता की शिकायत पर दहेज हत्या का नामजद मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी विश्वनाथ राम ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वर्ष 2019 में उन्होंने अपनी पुत्री की शादी सोवा गांव निवासी राजा बाबू राम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शादी के कुछ माह बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।

आवेदन के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी पुत्री तीन बार मायके लौटकर आई, लेकिन हर बार आरोपी पति अपनी गलती स्वीकार कर उसे वापस ससुराल ले गया। परिजनों का आरोप है कि ससुराल लौटने के बाद फिर से उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न शुरू हो जाता था।मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद उनकी पुत्री को जहर देकर मार दिया गया। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि मायके पक्ष न्याय की मांग कर रहा है।थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में नामजद आरोपी पति राजा बाबू राम को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

