चक्की में देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, दो शराबी भी पकड़ाए
चक्की थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार और नशाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बाबूरानी भागर इलाके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 18 लीटर मसाला देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
केटी न्यूज/चक्की
चक्की थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार और नशाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बाबूरानी भागर इलाके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 18 लीटर मसाला देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय यादव, पिता स्वर्गीय काशीनाथ यादव, निवासी चक्की भोला डेरा, थाना चक्की के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाबूरानी भागर क्षेत्र में अवैध शराब की खेप पहुंचाई गई है और उसकी सप्लाई की तैयारी चल रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 18 लीटर मसाला देशी शराब बरामद की गई।थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही उससे पूछताछ कर शराब के नेटवर्क और सप्लायरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।इधर, थाना क्षेत्र में नशाखोरी पर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अभियान के दौरान दो लोगों को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दोनों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

चक्की थानाध्यक्ष ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार और नशे के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर शराब माफियाओं और नशाखोरों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि कहीं भी शराब के अवैध कारोबार की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में दहशत का माहौल है, जबकि आम लोगों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना की है।

