लाइब्रेरी में पढ़ने पहुंचे छात्रों में भिड़ंत, सिर में गंभीर चोट लगने पर छात्र रेफर

चौगाईं प्रखंड मुख्यालय स्थित एक लाइब्रेरी के समीप शुक्रवार की शाम पढ़ाई के दौरान दो छात्रों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना में अभिषेक कुमार उर्फ विक्की, पिता सुरेंद्र यादव, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

लाइब्रेरी में पढ़ने पहुंचे छात्रों में भिड़ंत, सिर में गंभीर चोट लगने पर छात्र रेफर

केटी न्यूज/चौगाईं

चौगाईं प्रखंड मुख्यालय स्थित एक लाइब्रेरी के समीप शुक्रवार की शाम पढ़ाई के दौरान दो छात्रों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना में अभिषेक कुमार उर्फ विक्की, पिता सुरेंद्र यादव, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे लाइब्रेरी में पढ़ाई करने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद एक अन्य युवक से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान अभिषेक के सिर में गंभीर चोट लग गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल छात्र को तत्काल चौगाईं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सिर में लगी चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।इधर, घटना के बाद चौगाईं क्षेत्र में संचालित निजी लाइब्रेरियों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रखंड क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक लाइब्रेरी नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, संबंधित लाइब्रेरी में पूर्व में भी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

चौगाईं सीएचसी प्रभारी डॉ. मितेंद्र कुमार ने बताया कि घायल युवक के सिर में चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर चिकित्सा के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।