रेल ओवरब्रिज के नीचे पुलिस को मिली शराब की बड़ी खेप, बाइक छोड़ भागा तस्कर
मुफस्सिल थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने रेल ओवरब्रिज के नीचे से एक बाइक पर लदी 12 पेटी देशी शराब बरामद की। शराब की कुल मात्रा 103.68 लीटर बताई गई है। हालांकि, पुलिस को देखते ही बाइक सवार तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

केटी न्यूज/चौसा।
मुफस्सिल थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने रेल ओवरब्रिज के नीचे से एक बाइक पर लदी 12 पेटी देशी शराब बरामद की। शराब की कुल मात्रा 103.68 लीटर बताई गई है। हालांकि, पुलिस को देखते ही बाइक सवार तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक बाइक से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवार का पीछा शुरू किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक रेल ओवरब्रिज के नीचे बाइक खड़ी कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने बाइक की तलाशी ली। बाइक पर रखी तीन बोरियों के अंदर शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। जांच के दौरान कुल 12 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने शराब के साथ बाइक को भी जब्त कर लिया और थाने ले आई।अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। फरार तस्कर की पहचान के लिए जब्त बाइक के नंबर समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

