बेटे के जन्मदिन की खुशियां मनाने लौट रहा था जवान, रास्ते में मौत ने छीन ली जिंदगी
जिस घर में बेटे के जन्मदिन को लेकर तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम पसर गया। छुट्टी लेकर बेटे का जन्मदिन मनाने घर लौट रहे सीआईएसएफ जवान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह डुमरांव-बिक्रमगंज एनएच-120 पर कोरानसराय के छोटा पड़ाव के समीप तेज रफ्तार बालू लदे 18 चक्का ट्रेलर की चपेट में आने से बुलेट सवार सीआईएसएफ जवान अनिल कुमार राय (47) की मौके पर ही मौत हो गई।

__ एनएच-120 पर बालू लदे ट्रेलर ने बुलेट सवार सीआईएसएफ जवान को रौंदा; परिजनों ने सोने की चेन व नकदी गायब होने का लगाया आरोप, चालक फरार
केटी न्यूज/डुमरांव।
जिस घर में बेटे के जन्मदिन को लेकर तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम पसर गया। छुट्टी लेकर बेटे का जन्मदिन मनाने घर लौट रहे सीआईएसएफ जवान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह डुमरांव-बिक्रमगंज एनएच-120 पर कोरानसराय के छोटा पड़ाव के समीप तेज रफ्तार बालू लदे 18 चक्का ट्रेलर की चपेट में आने से बुलेट सवार सीआईएसएफ जवान अनिल कुमार राय (47) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।मृतक अनिल कुमार राय उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र के खोरी पाकर गांव के रहने वाले थे और पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में सीआईएसएफ में तैनात थे। परिजनों के अनुसार, वह बेटे के जन्मदिन में शामिल होने के लिए विशेष रूप से छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे। उन्हें क्या पता था कि जिस सफर के बाद घर में खुशियां दस्तक देने वाली थीं, वही सफर परिवार को जिंदगी भर का गम दे जाएगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अनिल अपनी बुलेट से सड़क के बाएं हिस्से से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे ट्रेलर ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही अनिल सड़क पर जा गिरे और ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।घटना के बाद परिवार की ओर से एक गंभीर आरोप भी सामने आया है। परिजनों का कहना है कि अनिल के गले में करीब ढाई लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन और लॉकेट था। इसके अलावा उनके बैग में लाखों रुपये की नकदी भी होने की बात कही जा रही है। परिजनों के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान न तो चेन मिली और न ही नकदी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक बैग और झोला बरामद हुआ है, लेकिन उसमें नकदी नहीं मिली।

शव के पास भी कोई आभूषण बरामद नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।अनिल तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा उन्हीं के कंधों पर था। पत्नी सीमा राय और दो छोटे बच्चों के सिर से उनका सहारा छिन गया। भाई सुनील राय ने बताया कि अनिल बेटे का जन्मदिन मनाने को लेकर बेहद उत्साहित थे। अब जन्मदिन की खुशियों की जगह घर में मातम और सिसकियां हैं। एक तेज रफ्तार वाहन ने महज कुछ सेकंड में एक परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी।

