सड़क पर उतरकर आर-पार की लड़ाई, दूसरे दिन भी जारी रहा आंदोलन
डुमरांव शहर की जर्जर सड़कों और बदहाल राज हाई स्कूल खेल मैदान को लेकर स्वयं शक्ति संस्था का अनिश्चितकालीन आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। सड़क और खेल मैदान की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर संस्था के अध्यक्ष धीरज मिश्रा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना जारी रखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।

__ सड़क निर्माण की समयसीमा पर लिखित आश्वासन की मांग, आज से भूख हड़ताल की चेतावनी; राज हाई स्कूल मैदान के विकास में भी देरी पर उठे सवाल
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव शहर की जर्जर सड़कों और बदहाल राज हाई स्कूल खेल मैदान को लेकर स्वयं शक्ति संस्था का अनिश्चितकालीन आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। सड़क और खेल मैदान की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर संस्था के अध्यक्ष धीरज मिश्रा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना जारी रखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। विभाग को लिखित रूप से यह बताना होगा कि काम कब से शुरू होगा और उसे पूरा करने की समयसीमा क्या होगी।आंदोलनकारियों का कहना है कि डुमरांव की कई प्रमुख सड़कों की हालत लंबे समय से खराब है। पुराना भोजपुर से मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार तक जाने वाली सड़क और जंगली शिव रोड की स्थिति ऐसी है कि लोगों को आवागमन में लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।

जगह-जगह जर्जर सड़क, गड्ढे और खराब सतह के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समस्या सिर्फ आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है।आंदोलन का दूसरा बड़ा मुद्दा राज हाई स्कूल का खेल मैदान है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार मैदान लंबे समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है। बारिश के बाद मैदान में पानी जमा रहने से खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। युवाओं और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण इस मैदान के विकास की योजना के बावजूद अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं होने को लेकर भी संस्था ने सवाल उठाए हैं।

बताया गया कि राज्य सरकार के खेल विभाग की मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत राज हाई स्कूल मैदान के विकास के लिए 205.92 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके बावजूद मैदान के जीर्णोद्धार और जलनिकासी की दिशा में ठोस काम दिखाई नहीं देने से लोगों में नाराजगी है। संस्था ने मांग की कि स्वीकृति और कागजी प्रक्रिया से आगे बढ़कर मैदान के विकास का काम जमीन पर शुरू कराया जाए।धरना दे रहे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और संबंधित विभाग ने जल्द लिखित आश्वासन देकर कार्य शुरू कराने की निश्चित तिथि घोषित नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रविवार से भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है। आंदोलनकारियों ने कहा कि सड़क और खेल मैदान दोनों ही जनहित से जुड़े मुद्दे हैं और इनके समाधान में अब किसी तरह की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।धरना कार्यक्रम में राजन तिवारी, प्रशांत ठाकुर, राजेश मिश्रा, मनीष मिश्रा, पीयूष, अनिल तिवारी, मोहित राय, आलोक तिवारी, धीरज कसेरा, मोहन केसरी, कलिंदर तिवारी, नेता सिंह, आदित्य वर्मा, रजत कुमार, सोनू पटेल, अशोक राय और डब्लू मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे।

