सहयोग शिविर बना ग्रामीणों की उम्मीदों का केंद्र, मौके पर ही हुआ सैकड़ों आवेदनों का निष्पादन

सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को चक्की प्रखंड के जवही दियर पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।

सहयोग शिविर बना ग्रामीणों की उम्मीदों का केंद्र, मौके पर ही हुआ सैकड़ों आवेदनों का निष्पादन

__ जवही दियर पंचायत में जिलाधिकारी ने योजनाओं की समीक्षा की, आयुष्मान कार्ड से लेकर भूमि विवाद तक की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान

केटी न्यूज/चक्की

सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को चक्की प्रखंड के जवही दियर पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।शिविर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित सहयोग शिविर लोगों और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि शिविरों के माध्यम से पात्र लाभुकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन, निबंधन, सत्यापन, ई-केवाईसी तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और समय की भी बचत हो रही है।उन्होंने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों में आयोजित हो रहे सहयोग शिविरों को ग्रामीणों का व्यापक समर्थन और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

लोगों की सुविधा को देखते हुए इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की गई। चौगाई पंचायत की कवलसिया देवी तथा डुमरांव पंचायत के राम एकबाल सिंह के आयुष्मान कार्ड से संबंधित मामलों का तत्काल समाधान किया गया। वहीं छतनवार पंचायत के लल्लू सिंह के भूमि संबंधी मामले और कृष्ण कुमार के आयुष्मान कार्ड से जुड़े आवेदन का भी मौके पर निष्पादन कर लाभुकों को राहत प्रदान की गई। समस्याओं के शीघ्र समाधान पर लाभुकों ने प्रशासन के प्रति संतोष और प्रशंसा व्यक्त की।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सहयोग पोर्टल पर 16 जून तक कुल 2445 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2009 आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों पर आवश्यक कार्रवाई जारी है।अधिकारियों ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके तहत आवेदन, निबंधन, सत्यापन और ई-केवाईसी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल रही हैं।