जमीन पर कब्जे के आरोप में भिड़े दो पक्ष, छह लोग घायल; दोनों ओर से केस दर्ज
स्थानीय थाना क्षेत्र के अहिवरन राय के डेरा गांव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। कथित रूप से भूमि पर कब्जा और निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र के अहिवरन राय के डेरा गांव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। कथित रूप से भूमि पर कब्जा और निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।पुलिस को दिए गए आवेदन में एक पक्ष की महिला ने आरोप लगाया है कि वह अपनी पुश्तैनी जमीन पर नींव की खुदाई करा रही थी।

इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और विरोधी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया।इस घटना में महिला और उसके पति सहित अन्य लोग घायल हो गए। महिला के बयान पर रोधन यादव, सुरेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव समेत पांच लोगों को आरोपित बनाया गया है।वहीं दूसरे पक्ष के वीरेंद्र यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि उनकी जमीन पर जबरन नींव खोदी जा रही थी।

विरोध जताने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। उनके बयान के आधार पर हरवंश यादव, शेखर यादव, मोहन यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। भूमि विवाद और मारपीट की घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

