ढकाइच गोलीकांड : मुख्य आरोपी पवन दुबे को रिमांड पर लेगी पुलिस
थाना क्षेत्र के ढकाइच गोलीकांड में पुलिस ने जांच तेज करते हुए मुख्य आरोपी पवन दुबे को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रविवार को कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस कागजी कार्रवाई पूरी कर केंद्रीय कारा बक्सर पहुंची, जहां से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया जाएगा।
__ होली के दिन युवक को मारी गई थी गोली, पहले एक आरोपी जा चुका है जेल
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म:
थाना क्षेत्र के ढकाइच गोलीकांड में पुलिस ने जांच तेज करते हुए मुख्य आरोपी पवन दुबे को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रविवार को कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस कागजी कार्रवाई पूरी कर केंद्रीय कारा बक्सर पहुंची, जहां से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया जाएगा।गौरतलब है कि चार मार्च को होली के दिन बड़का गांव में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब एक युवक को गोली मार दी गई थी। जख्मी युवक अपने पिता के लिए खाना लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में घात लगाए तीन आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद जख्मी युवक के पिता वीर बहादुर दुबे के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाना में पवन दुबे सहित तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी योगेंद्र दुबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी पवन दुबे ने बाद में कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था।अब पुलिस इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए पवन दुबे को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान मिली जानकारी से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में भी मदद मिलेगी।

