छह दिन में लूटकांड का खुलासा, दो अंतरराज्यीय कुख्यात लुटेरे गिरफ्तार

मुरार थाना क्षेत्र के डुमरांव राजवाहा नहर मार्ग पर 16 मई को अमसारी गांव निवासी मुन्ना कानू के पुत्र गोलू कुमार से केसठ डुमरांव राजवाहा मार्ग पर नवनिर्मित हेल्थ एंड वेलनेश सेंटर के समीप हुई दिनदहाड़े लूटपाट के प्रयास मामले का पुलिस ने महज छह दिनों के भीतर उद्भेदन कर लिया।

छह दिन में लूटकांड का खुलासा, दो अंतरराज्यीय कुख्यात लुटेरे गिरफ्तार

— वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मुरार पुलिस को मिली बड़ी सफलता, देशी कट्टा व मोबाइल बरामद

— एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा, आरोपियों पर हत्या व लूट के कई संगीन मामले दर्ज

केटी न्यूज/चौगाईं

मुरार थाना क्षेत्र के डुमरांव राजवाहा नहर मार्ग पर 16 मई को अमसारी गांव निवासी मुन्ना कानू के पुत्र गोलू कुमार से केसठ डुमरांव राजवाहा मार्ग पर नवनिर्मित हेल्थ एंड वेलनेश सेंटर के समीप हुई दिनदहाड़े लूटपाट के प्रयास मामले का पुलिस ने महज छह दिनों के भीतर उद्भेदन कर लिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो कुख्यात लुटेरों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से एक देशी कट्टा एवं गोलू कानू से लूटी गई मोबाइल बरामद किया है। पुलिस को यह सफलता वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मिली।शुक्रवार को मुरार थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव निवासी सुमित कुमार, पिता विनोद यादव तथा पिरो थाना क्षेत्र के सनेही टोला गांव निवासी सुबोध कुमार, पिता हरेराम चौधरी शामिल हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि बीते दिनों आमसारी गांव के समीप डुमरांव राजवाहा नहर मार्ग पर बाइक सवार युवक गोलू कुमार से कट्टा के बल पर लूटपाट का प्रयास किया गया था। विरोध करने पर अपराधियों ने युवक के साथ मारपीट भी की थी। हालांकि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों तथा डायल-112 पुलिस वाहन को देखकर अपराधी फरार हो गए थे। भागने के दौरान अपराधियों का एक मोबाइल घटनास्थल पर गिर गया था, जो पुलिस जांच का अहम आधार बना।उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं लगातार छापेमारी करते हुए अपराधियों की पहचान की। इसी क्रम में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा तथा मोबाइल बरामद किया गया।

एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधी कुख्यात प्रवृत्ति के हैं तथा अंतरराज्यीय अपराध गिरोह से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि सुमित कुमार पर रोहतास जिले के कछवा थाना में एक, काराकाट थाना में दो तथा भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र में लूट का एक मामला दर्ज है। वहीं सुबोध कुमार पर पिरो थाना क्षेत्र में हत्या के दो मामले दर्ज हैं।उन्होंने कहा कि दोनों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क एवं सहयोगियों की भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।प्रेस वार्ता के दौरान डुमरांव सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी समेत पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।