बंगाल के वीवीआईपी मर्डर की जांच बक्सर तक पहुंची, जेल से युवक को उठाकर ले गई सीबीआई
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के निजी सहायक चन्द्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब बिहार के बक्सर में नई परतें खोल रही है। गुरुवार को इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस में उस वक्त बड़ा मोड़ आ गया, जब सीबीआई की टीम केंद्रीय कारा बक्सर पहुंची और शराब तस्करी मामले में बंद एक युवक को दस दिनों के रिमांड पर लेकर दिल्ली रवाना हो गई।


__ चन्द्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, शराब केस में बंद आरोपी से दिल्ली में होगी पूछताछ
केटी न्यूज/बक्सर :
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के निजी सहायक चन्द्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब बिहार के बक्सर में नई परतें खोल रही है। गुरुवार को इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस में उस वक्त बड़ा मोड़ आ गया, जब सीबीआई की टीम केंद्रीय कारा बक्सर पहुंची और शराब तस्करी मामले में बंद एक युवक को दस दिनों के रिमांड पर लेकर दिल्ली रवाना हो गई। इस कार्रवाई के बाद बक्सर से लेकर बंगाल तक सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है।जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानिया निवासी संजय राय को राजपुर थाना पुलिस ने 11 मई को सायर घाट के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान पांच लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा भेज दिया गया था। उस समय यह मामला सामान्य शराब तस्करी का माना जा रहा था, लेकिन अब उसका नाम सीधे चर्चित चन्द्रनाथ रथ हत्याकांड से जुड़ने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं।सूत्रों के मुताबिक चन्द्रनाथ रथ हत्या मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम गुरुवार को अचानक बक्सर पहुंची। स्थानीय पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में टीम ने जेल के भीतर संजय राय से घंटों पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के बाद सीबीआई ने उसे कोर्ट प्रक्रिया पूरी कर दस दिनों के रिमांड पर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उसे दिल्ली ले जाया गया।

बक्सर एसपी शुभम आर्य ने सीबीआई द्वारा युवक को रिमांड पर लिए जाने की पुष्टि की है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए ज्यादा जानकारी साझा करने से परहेज किया। वहीं सूत्रों का कहना है कि संजय राय के खिलाफ पहले किसी बड़े आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में एजेंसियां इस एंगल पर भी जांच कर रही हैं कि कहीं शराब तस्करी में गिरफ्तारी जांच एजेंसियों से बचने की सुनियोजित रणनीति तो नहीं थी।गौरतलब है कि छह मई की रात पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के निजी सहायक चन्द्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद बंगाल एसटीएफ ने बक्सर से मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया था। अब तीसरे युवक संजय राय को सीबीआई द्वारा रिमांड पर लेने के बाद यह साफ हो गया है कि इस हत्याकांड की साजिश और नेटवर्क की कड़ियां बक्सर से गहराई से जुड़ी हो सकती हैं।जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की साजिश, शूटरों की आवाजाही और ठिकाने तैयार करने में किस-किस की भूमिका रही। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले में कई और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

