वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस, महिला मारपीट मामले में नौ पर केस
नया भोजपुर गांव में महिला के साथ कथित मारपीट और उसके बाद वायरल हुए वीडियो ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डुमरांव पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम नौ नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर गांव में महिला के साथ कथित मारपीट और उसके बाद वायरल हुए वीडियो ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डुमरांव पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम नौ नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में कही गई बातों की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार नया भोजपुर निवासी चिंता देवी ने थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के मुख्तार चुड़ीहार सहित नौ लोगों पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि बुधवार की शाम वह अपने घर के बाहर बैठी थीं, तभी आरोपित वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे।

देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया, जिसमें वह घायल हो गईं। घटना के समय उनके पति संजय बारी घर पर मौजूद नहीं थे।घटना के बाद चिंता देवी और उनके पति ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में साझा किया। वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। वीडियो में लगाए गए आरोपों को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस भी सक्रिय हो गई और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने सुबह भी थाना पहुंचकर शिकायत दी थी, लेकिन बाद में शाम को दिए गए आवेदन में पुराने विवाद को लेकर हमला किए जाने की बात कही गई। इसी आवेदन के आधार पर पुलिस ने नौ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें किए गए दावों की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

