देवरिया में एक ही रात दो घरों में सेंध, सोते रहे परिजन और लाखों का माल ले उड़े चोर
राजपुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में सोमवार की रात चोरों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात दो घरों को निशाना बना लिया। परिवार के लोग घर के भीतर सोते रहे और अज्ञात चोर नकदी, जेवरात समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए।


केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में सोमवार की रात चोरों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात दो घरों को निशाना बना लिया। परिवार के लोग घर के भीतर सोते रहे और अज्ञात चोर नकदी, जेवरात समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए। मंगलवार की सुबह घर का सामान अस्त-व्यस्त मिलने पर चोरी की घटना का खुलासा हुआ। वारदात के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार, चोरों ने बिहारी कुशवाहा और प्रेम शंकर बाजपेयी के घरों में चोरी की। बताया जाता है कि दोनों परिवारों के सदस्य रात में घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर किसी रास्ते से घर में दाखिल हुए और बारी-बारी से कमरों को खंगालकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने नकदी और आभूषण समेत अन्य मूल्यवान सामान को अपना निशाना बनाया।

सुबह परिजनों की नींद खुलने के बाद घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। घर की स्थिति देखकर उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई। देखते ही देखते दोनों घरों के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।गांव के पैक्स अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।घटना की सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घरों का जायजा लिया। पीड़ित परिवारों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि घटना की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

