जानवर को बचाने में बिगड़ा बाइक सवार का संतुलन, 100 मीटर तक घिसटने से घायल
मुरार थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक जानवर को बचाने के प्रयास में बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुरार-बंजरिया गांव के समीप करीब तीन बजे हुआ। दुर्घटना में इटाढ़ी थाना क्षेत्र के भरचकिया गांव निवासी स्वर्गीय बोदल सिंह के 44 वर्षीय पुत्र विजय सिंह को कई जगह चोटें आई हैं।

__ बंजरिया गांव के पास हुआ हादसा, बायां हाथ फ्रैक्चर; प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
केटी न्यूज/चौगाईं
मुरार थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक जानवर को बचाने के प्रयास में बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुरार-बंजरिया गांव के समीप करीब तीन बजे हुआ। दुर्घटना में इटाढ़ी थाना क्षेत्र के भरचकिया गांव निवासी स्वर्गीय बोदल सिंह के 44 वर्षीय पुत्र विजय सिंह को कई जगह चोटें आई हैं। उनका बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, विजय सिंह अपने एक रिश्तेदार को बगेन चौराहा छोड़ने के बाद बाइक से अपने घर रीतवन लौट रहे थे। इसी दौरान मुरार-बंजरिया गांव के पास अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। अचानक सामने आए जानवर को बचाने के लिए उन्होंने बाइक को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया।

बाइक अनियंत्रित होने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और करीब सौ मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों की मदद से घायल विजय सिंह को तत्काल चौगाईं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. मितेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में विजय सिंह के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। जांच के दौरान उनके बाएं हाथ में फ्रैक्चर पाया गया। उनकी स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।अचानक सड़क पर जानवर के आ जाने से हुए इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी और उससे पैदा होने वाले सड़क दुर्घटना के खतरे को उजागर किया है।

