फॉल्ट के बाद विद्युत विभाग की तेजी, 24 घंटे के भीतर बदला 200 केवीए का ट्रांसफार्मर

नया थाना के सामने सोमवार की देर रात खराब हुए 200 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर को विद्युत विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे से भी कम समय में बदल दिया। ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के बाद आसपास के सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।

फॉल्ट के बाद विद्युत विभाग की तेजी, 24 घंटे के भीतर बदला 200 केवीए का ट्रांसफार्मर

__ सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति हुई थी बाधित, दूसरे ट्रांसफार्मर से आधे उपभोक्ताओं को मिलती रही बिजली

केटी न्यूज/डुमरांव

नया थाना के सामने सोमवार की देर रात खराब हुए 200 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर को विद्युत विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे से भी कम समय में बदल दिया। ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के बाद आसपास के सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्णय लिया।कनीय विद्युत अभियंता मो. इम्तियाज के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम मंगलवार को मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुराने ट्रांसफार्मर में गंभीर तकनीकी फॉल्ट मिलने के बाद उसे हटाकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई। विभाग की तत्परता का नतीजा रहा कि 24 घंटे पूरे होने से पहले ही नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया और उसे चार्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

बताया गया कि नया थाना के सामने एक ही स्थान पर 200-200 केवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। इनमें से एक में खराबी आने के बावजूद दूसरा ट्रांसफार्मर सामान्य रूप से चलता रहा। इससे क्षेत्र के करीब आधे उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति मिलती रही, जबकि शेष उपभोक्ताओं को कुछ घंटों तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।खबर लिखे जाने तक नए ट्रांसफार्मर से आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हुई थी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाइन चालू कर दी जाएगी। बारिश का मौसम होने के कारण उमस और गर्मी अपेक्षाकृत कम रहने से उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी जैसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने खराबी के बाद कम समय में ट्रांसफार्मर बदलने की विभागीय कार्रवाई को राहत भरा कदम बताया।