गड्ढों से जल्द मिलेगी राहत, स्टेशन रोड के स्थायी कायाकल्प की भी तैयारी
डुमरांव क्षेत्र की लंबे समय से जर्जर पड़ी स्टेशन रोड के दिन अब बदलने की उम्मीद जगी है। पुराना भोजपुर से मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार तक बदहाल सड़क पर तत्काल राहत के लिए अस्थायी मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में ईंट के टुकड़े डालकर उन्हें समतल करने का काम कराया जा रहा है।

__ पुराना भोजपुर से डुमरेजनी प्रवेश द्वार तक सड़क की अस्थायी मरम्मत शुरू, 18.89 करोड़ के नए टेंडर की प्रक्रिया अंतिम दौर में
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव क्षेत्र की लंबे समय से जर्जर पड़ी स्टेशन रोड के दिन अब बदलने की उम्मीद जगी है। पुराना भोजपुर से मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार तक बदहाल सड़क पर तत्काल राहत के लिए अस्थायी मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में ईंट के टुकड़े डालकर उन्हें समतल करने का काम कराया जा रहा है। इससे फिलहाल राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, सड़क के स्थायी निर्माण के लिए अलग से रिपेयरिंग की स्वीकृति मिलने के साथ ही नए सिरे से टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।स्थानीय विधायक राहुल कुमार सिंह के प्रयासों से शुरू हुए अस्थायी मरम्मत कार्य की निगरानी भी की जा रही है। इसका उद्देश्य टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने तक सड़क को चलने लायक बनाए रखना है।

बताया गया कि रिपेयरिंग की अलग से स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि स्थायी समाधान के लिए सड़क निर्माण का नया टेंडर इसी सप्ताह पूरा होने की उम्मीद है।जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए अब 18.89 करोड़ रुपये का संशोधित टेंडर प्रस्तावित है। इससे पहले करीब 19.23 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे तकनीकी समीक्षा के बाद संशोधित किया गया है। नए प्रस्ताव में सड़क निर्माण के साथ नाला निर्माण को भी शामिल किए जाने की बात कही जा रही है। सबकुछ सामान्य रहा तो दशहरा के बाद नए सिरे से कार्य शुरू होने की संभावना है।

__ तकनीकी खामी के कारण रद्द हुआ था पुराना टेंडर
सड़क निर्माण की पूर्व निविदा प्रक्रिया में गंभीर तकनीकी अनियमितता सामने आने के बाद उसे रद्द कर दिया गया था। 12 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई टेंडर मूल्यांकन समिति की बैठक में इसकी समीक्षा की गई। जांच में पाया गया कि एनएच डिवीजन, गया की ओर से 20 जुलाई को निविदा आमंत्रित की गई थी, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पर्याप्त समय दिए बिना महज 10 दिनों के भीतर 1 अगस्त को ही निविदा खोल दी गई। नियमों के विपरीत प्रक्रिया अपनाए जाने के कारण पूरी निविदा रद्द कर दी गई।विधायक राहुल कुमार सिंह ने कहा कि नई निविदा प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टेशन रोड के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी है। नया टेंडर पूरा होने के बाद सड़क और नाला निर्माण का कार्य नए सिरे से शुरू होने की उम्मीद है।

