बक्सर में बोले डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी विकास पर सरकार का जोर
समृद्धि यात्रा के दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में हो रहे विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण राज्य में आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
__ सड़क, बिजली और महिलाओं के सशक्तिकरण पर डिप्टी सीएम का फोकस
केटी न्यूज/बक्सर।
समृद्धि यात्रा के दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में हो रहे विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण राज्य में आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।उन्होंने सड़क निर्माण को विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि पिछले वर्षों में बड़े पैमाने पर सड़कों का जाल बिछाया गया है। अब राज्य के गांव-गांव तक बेहतर सड़क संपर्क स्थापित हो चुका है।

उन्होंने दावा किया कि पटना से बक्सर की दूरी अब महज डेढ़ घंटे में तय की जा सकती है, जो पहले की तुलना में बड़ी उपलब्धि है।साथ ही, पुराने संकरे पुलों के स्थान पर फोर लेन पुलों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे यातायात और अधिक सुगम होगा।बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में जहां सीमित घरों तक ही बिजली पहुंच पाती थी, वहीं आज नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य के करोड़ों घरों तक बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। सरकार का लक्ष्य हर घर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच का अंतर कम हो सके।

धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों पर भी उन्होंने संवेदनशीलता दिखाई। बक्सर स्थित भगवान वामन मंदिर को लेकर उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन को उचित समाधान निकालने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मंदिर तक पहुंच आसान हो सके।इसके अलावा, उन्होंने पटना से कोईलवर होते हुए बक्सर तक मरीन ड्राइव के विस्तार की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में आवागमन और भी बेहतर होगा। महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

