बक्सर के समृद्धि यात्रा में बोले नीतीश कुमार, विकास की रफ्तार लगातार तेज, हर क्षेत्र में बदलाव दिख रहा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान बुधवार को बक्सर पहुंचे। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम ने राज्य में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि 24-25 नवंबर से सरकार बनने के बाद लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है।

बक्सर के समृद्धि यात्रा में बोले नीतीश कुमार, विकास की रफ्तार लगातार तेज, हर क्षेत्र में बदलाव दिख रहा

__ शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार पर सरकार के बड़े दावे, केंद्र से सहयोग की भी सराहना

केटी न्यूज/बक्सर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान बुधवार को बक्सर पहुंचे। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम ने राज्य में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि 24-25 नवंबर से सरकार बनने के बाद लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जहां शाम के बाद लोग घरों से बाहर निकलने में डरते थे, वहीं अब कानून व्यवस्था बेहतर हुई है। शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पहले बहुत कम बच्चे स्कूल जाते थे, लेकिन अब साइकिल और पोशाक योजना जैसी पहल से पढ़ाई को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने कहा कि अब तक लाखों शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और आगे भी 75 हजार नए शिक्षकों की बहाली की प्रक्रिया जारी है।स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बहुत कम मरीज आते थे, लेकिन अब हर महीने हजारों लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। पटना के अस्पतालों में 5400 नए बेड बनाए जा रहे हैं और आईजीएमएस में भी 3 हजार बेड की सुविधा विकसित की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले जहां राज्य में सिर्फ छह मेडिकल कॉलेज थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 12 हो गई है और आगे और विस्तार किया जाएगा।बिजली और बुनियादी ढांचे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2018 तक हर घर बिजली पहुंचा दी गई।

अब सस्ती बिजली के साथ-साथ जरूरतमंदों को मुफ्त बिजली भी दी जा रही है। इसके अलावा सड़कों, पुलों और एलिवेटेड रोड का तेजी से निर्माण हो रहा है।कृषि क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि रोडमैप के बाद मछली और दूध उत्पादन में वृद्धि हुई है। साथ ही “सात निश्चय” योजना के तहत युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर दिए गए हैं।मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बिहार पर विशेष ध्यान है। उन्होंने मखाना बोर्ड और हवाई अड्डा जैसी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी वर्गों और समुदायों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा।