गहने, नकदी और मासूम के साथ फरार हुई विवाहिता, गांव के युवक पर अपहरण का आरोप, एफआईआर दर्ज
स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव से सामने आई घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक विवाहिता अपने ससुराल से करीब दो लाख रुपये के गहने, 20 हजार रुपये नगद और अपने दो साल के मासूम बच्चे को लेकर गांव के ही एक युवक के साथ फरार हो गई। पति के बयान पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव से सामने आई घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक विवाहिता अपने ससुराल से करीब दो लाख रुपये के गहने, 20 हजार रुपये नगद और अपने दो साल के मासूम बच्चे को लेकर गांव के ही एक युवक के साथ फरार हो गई। पति के बयान पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित पति ने आरोप लगाया है कि 28 दिसंबर को उसकी पत्नी यह कहकर घर से निकली थी कि वह बच्चे को दवा दिलाने डुमरांव जा रही है।

लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो पति को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसने अपनी सास से संपर्क किया और पूछा कि क्या उसकी पत्नी वहां पहुंची है। सास ने साफ तौर पर इनकार करते हुए गहनों की स्थिति देखने को कहा।जब पति ने घर में रखे गहनों और नकदी की जांच की तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारी से करीब दो लाख रुपये के जेवर और 20 हजार रुपये नगद गायब थे। अगले दिन, 29 दिसंबर को गांव में चर्चा के दौरान उसे जानकारी मिली कि गांव का ही एक युवक उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया है।

पीड़ित पति का आरोप है कि युवक ने पहले से ही साजिश के तहत उसकी पत्नी को अपने प्रभाव में लिया और फिर मौका पाकर उसे गहनों, नकदी और मासूम बच्चे समेत लेकर फरार हो गया। घटना के बाद से महिला, बच्चा और आरोपी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही फरार महिला व आरोपी युवक को बरामद कर लिया जाएगा। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर उम्मीदें टिकी हुई हैं।

