डुमरांव में नहीं थम रही चोरी की घटनाएं, अल सुबह ही अंजान ब्रह्मबाबा मंदिर से सोने की एक आंख चोरी

डुमरांव में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस अभी गीता मोबाइल दुकान में हुई भीषण चोरी में ही उलझी हुई है, इसी बीच चोरों ने गुरुवार की अल सुबह स्टेशन रोड स्थित प्रसिद्ध अंजान ब्रह्म बाबा मंदिर में घुस बाबा के चौरा में लगे सोने की एक आंख चुरा ली है।

डुमरांव में नहीं थम रही चोरी की घटनाएं, अल सुबह ही अंजान ब्रह्मबाबा मंदिर से सोने की एक आंख चोरी

केटी न्यूज/डुमरांव 

डुमरांव में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस अभी गीता मोबाइल दुकान में हुई भीषण चोरी में ही उलझी हुई है, इसी बीच चोरों ने गुरुवार की अल सुबह  स्टेशन रोड स्थित प्रसिद्ध अंजान ब्रह्म बाबा मंदिर में घुस बाबा के चौरा में लगे सोने की एक आंख चुरा ली है। चोरों ने दूसरी आंख चुराने का असफल प्रयास किया था, लेकिन दूसरी आंख चौरा से अलग नहीं हो सकी, जिस कारण चोरी होने से बच गई।इसकी जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधन सकते में आ गया है, वहीं श्रद्धालु भक्तों में आक्रोश गहरा गया है। बता दे कि अंजान ब्रह्म बाबा का मंदिर ई किसान भवन के ठीक सामने स्टेशन रोड के किनारे स्थित है। बगल में ही प्रखंड संसाधन केंद्र नगर परिषद कार्यालय, प्रखंड और अंचल कार्यालय के अलावे मात्र 500 मीटर दूर थाना है। बावजूद चोरों ने चोरी की इस घटना को अंजाम दे व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मंदिर के पुजारी अंबरीश पाठक ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब 4.30 बजे वे मंदिर को धो पूजा के लिए नहाने चले गए, इसी दौरान किसी ने बाबा की एक आंख चुरा ली। पुजारी ने बताया कि चोरों ने दूसरी आंख चुराने का भी असफल प्रयास किया है। मंदिर में पूजा अर्चना करने आने पर इस बात की जानकारी हुई कि बाबा के चौरा में लगे सोने की एक आंख गायब है। उन्होंने बताया कि चोरी गई आंख की कीमत 35 से 40 हजार रुपए है। पुजारी ने बताया इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है। गौरतलब हो कि डुमरांव में चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गई है। सोमवार की रात बेखौफ चोरों ने स्टेशन रोड स्थित डुमरांव के सबसे बड़े मोबाइल दुकान 'गीता मोबाइल सेंटर' से करीब 40 लाख रुपए मूल्य के मोबाइल तथा तीन लाख नगद रुपए चुरा लिए थे।

इसके पहले नगर के वार्ड 18 स्थित स्टेशन बाइपास रोड की कॉलोनी में शिक्षक तेजनारायण सिंह तथा सफाखाना रोड निवासी निर्मला देवी के बंद घरो का ताला तोड़ लाखों रुपए के आभूषण तथा नगदी की चोरी की गई है। वहीं कुछ दिन पूर्व स्थानीय थाना क्षेत्र के बंझू डेरा गांव से एक ही रात पांच भैंस की चोरी हुई थी। पुलिस अभी तक किसी मामले का उद्भेदन नहीं कर सकी है।  चोरों ने शहरवासियों के आस्था के केंद्र अंजान ब्रह्म बाबा मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दें लोगों को आक्रोशित कर दिया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहरी क्षेत्र में जिस तरह से सिलसिलेवार ढंग से चोरी की घटनाएं हो रही है उससे साफ है कि चोरों में पुलिस का  खौफ नहीं रह गया है।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।