बंद पड़े संतोषी सिनेमा में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस का छापा, 15 जुआरी गिरफ्तार
बंद पड़े संतोषी सिनेमा हॉल में वर्षों से संचालित हो रहे कथित जुए के बड़े अड्डे का बुधवार की रात पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में हुई छापेमारी में 15 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। मौके से एक लाख 43 हजार 810 रुपये नकद, 150 ताश की गड्डियां, 14 मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

__ 1.43 लाख रुपये नकद, 150 ताश की गड्डियां, 14 मोबाइल फोन व एक मोटरसाइकिल जब्त, संचालक ने स्वीकारा—वर्षों से चल रहा था जुए का खेल
केटी न्यूज/डुमरांव।
बंद पड़े संतोषी सिनेमा हॉल में वर्षों से संचालित हो रहे कथित जुए के बड़े अड्डे का बुधवार की रात पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में हुई छापेमारी में 15 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। मौके से एक लाख 43 हजार 810 रुपये नकद, 150 ताश की गड्डियां, 14 मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।पुलिस के अनुसार रात करीब 10:05 बजे संतोषी सिनेमा के पास जुआ खेलने की गुप्त सूचना मिली। सूचना दर्ज करने के बाद सादे वस्त्रों में पुलिस पदाधिकारियों को जांच के लिए भेजा गया। इसके बाद थाना प्रभारी स्वयं अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रात करीब 10:45 बजे सिनेमा परिसर की चारों ओर से घेराबंदी कर छापेमारी की गई।

पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन चारों ओर से घेराबंदी होने के कारण सभी को मौके पर ही दबोच लिया गया।पुलिस ने मौके से डुमरांव, नया भोजपुर और कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान चादर पर दांव पर लगाए गए एक लाख 43 हजार 810 रुपये नकद, 150 ताश की गड्डियां, विभिन्न कंपनियों के 14 मोबाइल फोन तथा सिनेमा हॉल के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। सभी सामान को विधिवत जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग और छायांकन कर इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया।पूछताछ में पुलिस के अनुसार संतोषी सिनेमा के मालिक मोनू चौरसिया ने स्वीकार किया कि वर्षों से बंद पड़े सिनेमा हॉल में जुआ खिलाया जाता था।

उसने यह भी बताया कि अधिक से अधिक लोगों को लालच देकर जुआ खेलने के लिए बुलाया जाता था और उनसे अवैध वसूली की जाती थी। इस कार्य में मोहन शर्मा नामक व्यक्ति के सहयोग करने की भी बात सामने आई है।थाना प्रभारी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि संगठित गिरोह बनाकर जुआ खेलने और खिलाने, लोगों को प्रलोभन देकर अवैध धन उगाही करने के आरोप में सभी 15 आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 एवं 318(4) तथा बंगाल सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

