बैंक से निकलते ही सीएसपी संचालक पर नजर, सुनसान रास्ते में हथियार दिखाकर 1.15 लाख लूटे

मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सोमवार की शाम सुनसान रास्ते पर सीएसपी संचालक को निशाना बनाकर 1.15 लाख रुपये लूट लिए। चौसा एसबीआई शाखा से रुपये निकालकर साइकिल से घर लौट रहे संचालक को ढुढ़नी गांव के समीप अपाची बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर रोक लिया और रुपये से भरा थैला व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।

बैंक से निकलते ही सीएसपी संचालक पर नजर, सुनसान रास्ते में हथियार दिखाकर 1.15 लाख लूटे

__ चौसा एसबीआई से रुपये लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे वीरेंद्र सिंह, ढुढ़नी के पास अपाची सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने घेरा; मोबाइल भी छीना, पुलिस ने शुरू की छानबीन

केटी न्यूज/चौसा। 

मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सोमवार की शाम सुनसान रास्ते पर सीएसपी संचालक को निशाना बनाकर 1.15 लाख रुपये लूट लिए। चौसा एसबीआई शाखा से रुपये निकालकर साइकिल से घर लौट रहे संचालक को ढुढ़नी गांव के समीप अपाची बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर रोक लिया और रुपये से भरा थैला व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, कमरपुर गांव निवासी रामाश्रय सिंह के 50 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र सिंह कुशवाहा पवनी पंचायत भवन के समीप भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालित करते हैं। रोजाना की तरह सोमवार को भी वह चौसा स्थित एसबीआई शाखा पहुंचे थे।

बताया जाता है कि बैंक से उन्होंने 1.15 लाख रुपये की निकासी की और रुपये को थैले में रखकर साइकिल से अपने घर के लिए रवाना हुए।वीरेंद्र सिंह कठघरवा-ढुढ़नी मार्ग से होते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढुढ़नी गांव के समीप पवनी की ओर से एक अपाची बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढक रखा था। आरोप है कि बदमाशों ने अचानक साइकिल सवार सीएसपी संचालक को रोक लिया और बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी। हथियार देखकर भयभीत संचालक कुछ समझ पाते, इससे पहले अपराधियों ने रुपये से भरा थैला और उनका मोबाइल फोन छीन लिया।घटना के बाद तीनों बदमाश बाइक से पवनी-करंहसी की ओर फरार हो गए। घटनास्थल सुनसान होने के कारण तत्काल किसी की मदद नहीं मिल सकी। कुछ दूरी पर ग्रामीणों के मिलने के बाद वीरेंद्र सिंह ने उन्हें घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

--बैंक से निकासी की जानकारी खंगाल रही पुलिस

अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पीड़ित ने मंगलवार दोपहर पुलिस को लिखित आवेदन दिया है। पुलिस ने बैंक से रुपये निकासी से संबंधित जानकारी भी जुटाई है। अब पुलिस बदमाशों की पहचान, उनके भागने के रास्ते और घटना से पहले की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।