नवोदय में नामांकन का मिला दूसरा मौका, 7 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। नवोदय विद्यालय समिति ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए आयोजित होने वाली चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 अगस्त 2026 कर दी है।

केटी न्यूज/नावानगर
जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। नवोदय विद्यालय समिति ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए आयोजित होने वाली चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 अगस्त 2026 कर दी है। इससे वे छात्र भी आवेदन कर सकेंगे, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा तक फॉर्म नहीं भर पाए थे। जवाहर नवोदय विद्यालय, नावानगर के प्रभारी प्राचार्य धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय थी, लेकिन विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए इसे एक सप्ताह बढ़ा दिया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है की अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आवेदन की अंतिम तिथि में बदलाव किया गया है। चयन परीक्षा की तिथि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 नवंबर 2026 को ही आयोजित होगी। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित पोर्टल पर आवेदन करना होगा। विद्यालय प्रबंधन ने पात्र विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि समय रहते आवेदन करने से किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और सभी योग्य छात्र परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

