नई जिम्मेदारियों के साथ बक्सर पहुंचे शिक्षा अधिकारी, शिक्षक संगठनों ने जताया भरोसा
बक्सर जिले में हाल ही में पदस्थापित शिक्षा अधिकारियों का शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय परिसर में शिक्षक संगठनों की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर स्वागत किया गया। बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ, बक्सर इकाई तथा प्राथमिक कल्याण शिक्षक संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीश कुमार झा, अनन्या तथा सुरेश प्रसाद का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।

__ सम्मान समारोह में शिक्षकों ने बेहतर शैक्षणिक माहौल, नवाचार और समन्वय के साथ जिले में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले में हाल ही में पदस्थापित शिक्षा अधिकारियों का शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय परिसर में शिक्षक संगठनों की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर स्वागत किया गया। बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ, बक्सर इकाई तथा प्राथमिक कल्याण शिक्षक संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीश कुमार झा, अनन्या तथा सुरेश प्रसाद का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।समारोह में शिक्षक नेताओं ने अधिकारियों के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई गति मिलेगी। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि शिक्षकों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी कार्यसंस्कृति और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ नेता बृजेश राय ने कहा कि बक्सर शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और नवपदस्थापित अधिकारियों के नेतृत्व में यह यात्रा और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को नई कार्यशैली और सकारात्मक प्रशासनिक सहयोग मिलने से विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।जिला सचिव शंकर प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि नई टीम का नेतृत्व शिक्षा विभाग में ऊर्जा, पारदर्शिता और विकास का नया अध्याय लिखेगा। वहीं प्राथमिक कल्याण शिक्षक संघ के अमित कुमार राय ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका आगमन विभाग में नई सोच और कार्य संस्कृति को बढ़ावा देगा, जिसका लाभ जिले के सभी विद्यालयों तक पहुंचेगा।

कार्यक्रम में शिक्षक रवि राय, शैलेंद्र कुमार राय तथा रंजन कुमार ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद से शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी। साथ ही आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।सम्मान समारोह में प्रभारी प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार, डॉ. पंकज पांडेय, अरुण कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार, कमल किशोर राय, अनुमंडल सचिव लक्ष्मण कुमार सिंह, अनुमंडल अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय, रंजीत कुमार सिंह, गोविंद कुमार, रविकांत प्रसाद, सूजन कुमार, लाल साहब यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

