तत्काल टिकटों की कालाबाजारी पर आरपीएफ का शिकंजा, डुमरांव से कथित दलाल गिरफ्तार
त्योहारों में कंफर्म टिकट के लिए जूझ रहे यात्रियों के बीच तत्काल टिकटों की कथित दलाली पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को डुमरांव रेलवे आरक्षण केंद्र पर छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया।

__ 7,600 रुपये के दो टिकट, मोबाइल और आरक्षण मांग-पत्र बरामद; रेल अधिनियम के तहत केस दर्ज
केटी न्यूज/डुमरांव।
त्योहारों में कंफर्म टिकट के लिए जूझ रहे यात्रियों के बीच तत्काल टिकटों की कथित दलाली पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को डुमरांव रेलवे आरक्षण केंद्र पर छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से स्लीपर तत्काल श्रेणी के दो आरक्षित काउंटर टिकट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 7,600 रुपये बताई गई है। टीम ने एक एंड्रॉयड मोबाइल और आरक्षण के दो मांग-पत्र भी जब्त किए हैं।कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट बक्सर और अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी), दानापुर की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ के तहत की।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के अनुसार, टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने आरक्षण केंद्र पर निगरानी शुरू की थी। इसी दौरान कथित रूप से टिकट हासिल कर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने की कोशिश के आरोप में युवक को पकड़ा गया।गिरफ्तार आरोपित की पहचान टेक्सटाइल कॉलोनी, वार्ड संख्या दो, डुमरांव निवासी बासुकीनाथ राय (26), पिता कुशलेश राय के रूप में हुई है। आरपीएफ ने उसके खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया है।

__ नेटवर्क की पड़ताल में जुटी आरपीएफ
जब्त टिकट किन यात्रियों के लिए बुक कराए गए थे और उन्हें अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। संयुक्त टीम में आरपीएफ और सीआईबी दानापुर के अधिकारी व जवान शामिल थे। आरपीएफ ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

