चौगाईं में पांच लाख की चोरी पर पुलिस सख्त, बैंक का सीसीटीवी 10 दिनों से खराब!
चौगाईं में बैंक के ठीक सामने स्थित आभूषण दुकान से पांच लाख रुपये से अधिक के गहनों की चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार की देर शाम डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह चौगाईं पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित आभूषण व्यवसायी काशी प्रसाद सोनार से पूछताछ कर वारदात से जुड़ी कई अहम जानकारियां लीं।

__ प्रभारी एसडीपीओ ने घटनास्थल का लिया जायजा, थानाध्यक्ष को शीघ्र उद्भेदन और रात्रि गश्त बढ़ाने का निर्देश; कैमरा खराब रहने पर उठे गंभीर सवाल
केटी न्यूज/चौगाईं।
चौगाईं में बैंक के ठीक सामने स्थित आभूषण दुकान से पांच लाख रुपये से अधिक के गहनों की चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार की देर शाम डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह चौगाईं पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित आभूषण व्यवसायी काशी प्रसाद सोनार से पूछताछ कर वारदात से जुड़ी कई अहम जानकारियां लीं। इसके बाद मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी को चोरी की घटना का शीघ्र उद्भेदन करने और इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। इस बीच, दुकान के ठीक सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक का सीसीटीवी कैमरा पिछले आठ से दस दिनों से खराब रहने की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।प्रभारी एसडीपीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुलिस रात्रि गश्त को प्रभावी बनाए, ताकि चोर-उचक्कों के बीच पुलिस की सक्रियता का संदेश जाए। उन्होंने कहा कि चोरी की इस वारदात को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

__ बैंक का कैमरा खराब, पुलिस ने प्रबंधन से मांगा जवाब
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जिस आभूषण दुकान में चोरी हुई, उसके ठीक सामने स्थित पीएनबी शाखा का सीसीटीवी कैमरा पिछले आठ से दस दिनों से काम नहीं कर रहा था। पुलिस ने इसे गंभीर मामला मानते हुए बुधवार को बैंक प्रबंधन से पूछताछ की कि कैमरा इतने दिनों से खराब क्यों था और इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई थी या नहीं। मामले की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को भी दी गई है।पुलिस का मानना है कि कैमरा चालू रहता तो चोरों की पहचान में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते थे। यह भी जांच का विषय है कि अपराधियों को कैमरे के खराब होने की जानकारी पहले से थी या नहीं। हालांकि, कैमरा खराब होने की जानकारी के आधार पर चोरों की पूर्व जानकारी या उनकी योजना को लेकर अभी कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

__ पहले भी बैंक को निशाना बनाने का प्रयास कर चुके हैं चोर
गौरतलब है कि करीब एक दशक पहले चौगाईं स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक का ताला तोड़कर चोरों ने तिजोरी तक पहुंचने का प्रयास किया था। हालांकि, तिजोरी नहीं टूटने और सुबह हो जाने के कारण वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके थे। ऐसे में पहले भी बैंक को निशाना बनाए जाने के बावजूद बाजार के प्रमुख हिस्से में सीसीटीवी कैमरा खराब रहना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस ने घटना को चुनौती के रूप में लिया है। जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। अब देखना है कि पुलिस जांच में बैंक के खराब कैमरे और दुकान में हुई चोरी के बीच कोई संबंध सामने आता है या नहीं।

