घर की सुरक्षा के लिए लगा रहे थे कैमरा, पड़ोसियों ने कर दिया हमला
घर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कोशिश एक व्यक्ति को महंगी पड़ गई। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कठार गांव में सीसीटीवी कैमरा लगाने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

--कठार गांव में सीसीटीवी लगाने को लेकर विवाद, पांच लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
घर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कोशिश एक व्यक्ति को महंगी पड़ गई। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कठार गांव में सीसीटीवी कैमरा लगाने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार कठार गांव निवासी प्रभात प्रसाद अपने घर में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगवा रहे थे। कुछ कैमरे लगाए जा चुके थे, जबकि अन्य कैमरों की स्थापना का कार्य जारी था।

इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से आपत्ति जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने प्रभात प्रसाद के साथ गाली-गलौज की तथा लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। घटना में घायल प्रभात प्रसाद का परिजनों की मदद से उपचार कराया गया।घटना के बाद पीड़ित ने कृष्णाब्रह्म थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया।

आवेदन के आधार पर पुलिस ने श्याम नारायण तिवारी, इंद्रभूषण तिवारी, राहुल तिवारी समेत कुल पांच लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

