सड़क पार कर रहे युवक को फार्च्यूनर ने रौंदा, मौत के बाद हाईवे जाम
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के कडसर गांव स्थित शिव मंदिर मोड़ के समीप रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कडसर गांव निवासी धीरेन्द्र रवानी उर्फ धुरेन्दर रवानी के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा-मोहनिया हाईवे को जाम कर मुआवजे की मांग शुरू कर दी।


केटी न्यूज/नावानगर
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के कडसर गांव स्थित शिव मंदिर मोड़ के समीप रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कडसर गांव निवासी धीरेन्द्र रवानी उर्फ धुरेन्दर रवानी के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा-मोहनिया हाईवे को जाम कर मुआवजे की मांग शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे धीरेन्द्र रवानी अपने सिर पर अनाज की बोरी लेकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान आरा की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक फार्च्यूनर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर आरा-मोहनिया हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना पर सोनवर्षा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और सड़क जाम जारी था।

जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेने एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने में जुटी हुई है। सोनवर्षा थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी।

