रूपसागर के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, चालक समेत तीन घायल

नावानगर थाना क्षेत्र के रूपसागर गांव के समीप रविवार को दो ट्रकों के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चालक और खलाशी समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई तथा स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

रूपसागर के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, चालक समेत तीन घायल

केटी न्यूज/नावानगर।

नावानगर थाना क्षेत्र के रूपसागर गांव के समीप रविवार को दो ट्रकों के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चालक और खलाशी समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई तथा स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।घटना में घायल लोगों की पहचान नालंदा जिले के राजगीर निवासी ट्रक चालक लालू, भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मसौढ़ी निवासी रितेश कुमार तथा दुलौरडीह निवासी खलाशी कमलेश कुमार के रूप में की गई है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नावानगर भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक लालू की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

वहीं अन्य दोनों घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया‌‌।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। इस संबंध में नावानगर थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। दोनों ट्रकों को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।