मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की ट्रेन से कटकर मौत, रेल परिचालन रहा प्रभावित
दानापुर–पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर स्थित चौसा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को हुए एक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद अप लाइन पर रेल परिचालन कुछ समय के लिए बाधित हो गया, जिसके कारण फरक्का एक्सप्रेस करीब आधे घंटे तक चौसा स्टेशन के समीप खड़ी रही।

--आधे घंटे तक चौसा स्टेशन के पास रुकी फरक्का एक्सप्रेस, पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
केटी न्यूज/चौसा
दानापुर–पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर स्थित चौसा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को हुए एक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद अप लाइन पर रेल परिचालन कुछ समय के लिए बाधित हो गया, जिसके कारण फरक्का एक्सप्रेस करीब आधे घंटे तक चौसा स्टेशन के समीप खड़ी रही। बाद में ट्रैक से शव हटाए जाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया और परिचालन सामान्य हो सका।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना स्टेशन के एक नंबर प्लेटफॉर्म की अप लाइन पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही स्टेशन परिसर में यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्टेशन मास्टर ने तत्काल इसकी जानकारी सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी। ट्रैक पर शव पड़े रहने के कारण कुछ समय तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।

करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव निवासी वंशनरायन राम के 27 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।जीआरपी प्रभारी मणिकांत पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत होता है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सतीश कुमार मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज कराने की तैयारी चल रही थी। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह घर से निकलकर चौसा रेलवे स्टेशन कैसे पहुंच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

