एनएच-922 पर खूनी रविवार: दो हादसों में दो की मौत, दो युवक जिंदगी-मौत से जूझ रहे

पटना-बक्सर एनएच-922 पर रविवार की सुबह हादसों के नाम रही। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाइच गांव के समीप कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक हादसे में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से अज्ञात अधेड़ की जान चली गई, तो दूसरी घटना में सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग को बस ने कुचल दिया।

एनएच-922 पर खूनी रविवार: दो हादसों में दो की मौत, दो युवक जिंदगी-मौत से जूझ रहे

__ बड़का ढकाइच के पास सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को बस ने रौंदा, बाइक की टक्कर से अज्ञात अधेड़ की गई जान; सीसीटीवी से बस की पहचान, चालक की तलाश तेज

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।

पटना-बक्सर एनएच-922 पर रविवार की सुबह हादसों के नाम रही। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाइच गांव के समीप कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक हादसे में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से अज्ञात अधेड़ की जान चली गई, तो दूसरी घटना में सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग को बस ने कुचल दिया। दोनों घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, बुजुर्ग को कुचलकर फरार हुई बस की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए कर ली गई है।

__ बाइक की टक्कर से अधेड़ की मौत, दो युवक गंभीर

पहली दुर्घटना रविवार अलसुबह हुई। बक्सर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज निवासी धुरूप कोइरी के 23 वर्षीय पुत्र राज कुमार और विनोद केशरी के 21 वर्षीय पुत्र सूरज केशरी बाइक से आरा की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़का ढकाइच के समीप उनकी बाइक सड़क से गुजर रहे एक अधेड़ व्यक्ति से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अधेड़ ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। राज कुमार को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेजा गया है, जबकि दूसरे युवक का इलाज बक्सर सदर अस्पताल में चल रहा है। मृत अधेड़ की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी है।

__ बस की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, चालक फरार

दूसरी दुर्घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे हुई। सिमरी थाना क्षेत्र के चकनी गांव निवासी 65 वर्षीय लाल बिहारी यादव बड़का ढकाइच के समीप सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान शव लेकर बक्सर जा रही एक बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया।मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर बस की पहचान कर ली गई है। अब चालक का पता लगाने और आगे की कार्रवाई में पुलिस जुटी हुई है।

__ पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच

कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पहली घटना में मृत व्यक्ति की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी घटना में शामिल बस की पहचान सीसीटीवी फुटेज से हुई है और चालक के संबंध में कार्रवाई की जा रही है।लगातार हुई दो दुर्घटनाओं के बाद एनएच-922 पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से गति नियंत्रित रखने और सड़क पार करने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।