दुर्गा पूजा पंडाल के पास खेल रहे मासूम से घिनौनी हरकत का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

दुर्गा पूजा की चहल-पहल के बीच बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन वर्षीय बच्चे के साथ यौन अपराध का गंभीर मामला सामने आया है। पूजा पंडाल के पास खेल रहे मासूम को बहला-फुसलाकर धान के खेत में ले जाने और उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार करने का आरोप गांव के ही 30 वर्षीय सूरज चौबे पर लगा है।

दुर्गा पूजा पंडाल के पास खेल रहे मासूम से घिनौनी हरकत का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

__ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुफस्सिल पुलिस ने की कार्रवाई, तीन वर्षीय बच्चे की मेडिकल जांच; मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी

केटी न्यूज/बक्सर।

दुर्गा पूजा की चहल-पहल के बीच बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन वर्षीय बच्चे के साथ यौन अपराध का गंभीर मामला सामने आया है। पूजा पंडाल के पास खेल रहे मासूम को बहला-फुसलाकर धान के खेत में ले जाने और उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार करने का आरोप गांव के ही 30 वर्षीय सूरज चौबे पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना ने सार्वजनिक आयोजनों के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

__ पंडाल से करीब सौ मीटर दूर खेत में ले जाने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब नौ बजे की है। गांव में दुर्गा पूजा के आयोजन के कारण पंडाल के आसपास लोगों की आवाजाही थी। इसी दौरान तीन वर्षीय बच्चा पंडाल के पास खेल रहा था। आरोप है कि सूरज चौबे उसे बहला-फुसलाकर करीब सौ मीटर दूर धान के खेत में ले गया, जहां उसके साथ यौन अपराध किया। घटना के बाद बच्चा रोते हुए घर पहुंचा और परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जाता है कि पंडाल में तेज आवाज में साउंड बजने के कारण बच्चे की आवाज आसपास के लोगों तक नहीं पहुंच सकी।

__ सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, पुलिस ने दबोचा

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ गौरव पांडेय और चौकी थानाध्यक्ष गुड्डू चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी ली। पीड़ित बच्चे को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

__ जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस

एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बच्चे की मेडिकल जांच कराई जा रही है तथा प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की गई है।घटना ने पूजा-पंडालों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में बच्चों की निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाले माहौल में अभिभावकों की सतर्कता और आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है। हालांकि, मामले में पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के निष्कर्ष के आधार पर ही आरोपों की अंतिम पुष्टि होगी।