छठ घाट पर जीविका दीदियों ने डीएम-एसपी के समक्ष दीप प्रज्वलन कर दिया संदेश“पहले मतदान, फिर त्योहार”
केटी न्यूज/सिमरी
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर बक्सर जिले में मतदाता जागरूकता के लिए निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्वीप कोषांग, बक्सर के निर्देशन में चल रहे जागरूकता अभियान के क्रम में शुक्रवार को सिमरी प्रखंड के केशोपुर पंचायत स्थित केशोपुर गांव में जीविका की दीदियों ने अनोखे तरीके से लोकतंत्र का संदेश दिया। छठ पर्व की पावन आस्था के बीच जीविका दीदियां छठ घाट पर दीप प्रज्वलित कर मतदान के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करती नजर आईं।

दीपों से जगमगाते घाट पर दीदियों ने मतदान को लोकतंत्र का महान पर्व बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का मत अमूल्य है। महिलाओं और युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। दीदियों का कहना था कि लोकतंत्र में लोगों की भागीदारी ही उसके सशक्त होने का आधार है।

कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने आकर्षक नारों के माध्यम से मताधिकार के प्रति जागरूकता फैलायी। उनका संदेश था कि दीप जलाएं लोकतंत्र के नाम, वोट डालें बढ़ाएं देश का मान, तथा पहले मतदान, फिर त्योहार, यही है सच्चा उपहार। इन नारों ने उपस्थित महिलाओं, युवतियों और ग्रामीणों में मतदान के प्रति उत्साह जगाया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि छठ पर्व जैसे आस्था से जुड़े अवसर पर इस तरह का अभियान लोगों के मन पर सीधा प्रभाव डालता है। जीविका दीदियों की पहल से गांव का माहौल मतदाता जागरूकता से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम के दौरान कई महिलाएं आगामी चुनाव में पहली बार मतदान करने के संकल्प के साथ नजर आईं।

स्वीप कोषांग बक्सर द्वारा इस प्रकार के नवाचारपूर्ण आयोजन से जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्य 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है और इस मिशन में समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा है।

छठ घाट पर आस्था के दीपों के संग लोकतंत्र की रोशनी जगाने के इस अभियान ने न केवल माहौल को प्रज्ज्वलित किया, बल्कि यह संदेश भी स्पष्ट कर दिया कि लोकतंत्र की ताकत जनता के वोट में ही निहित है।
