अजय राय बोले बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो बदलेगी देश की राजनीतिक फिजा
बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को बक्सर विधानसभा महागठबंधन की बैठक शहर स्थित एक निजी रिजॉर्ट में आयोजित की गई। इसमें महागठबंधन के घटक दलों के जिला, प्रखंड, पंचायत तथा बूथ स्तर के पदाधिकारियों सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में समन्वय स्थापित करते हुए महागठबंधन उम्मीदवार को मजबूत बनाना रहा।
केटी न्यूज/बक्सर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में यदि महागठबंधन की सरकार बनी तो इसका व्यापक राष्ट्रीय असर देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि राज्य में वर्तमान व्यवस्था को जनता पसंद नहीं कर रही है और बदलाव की आकांक्षा बढ़ रही है।

बक्सर लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह ने बैठक में कहा कि यह चुनाव महागठबंधन के लिए निर्णायक संघर्ष है। सभी दलों के कार्यकर्ताओं का लक्ष्य तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना और बक्सर सहित चारों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करना होना चाहिए। उन्होंने बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी की आवश्यकता दोहराई।

कांग्रेस समर्थित महागठबंधन प्रत्याशी संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने बताया कि वह पिछले 37 वर्षों से सामाजिक सेवा में सक्रिय रहे हैं और स्थानीय जनता से निरंतर जुड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि जीत मिलने पर जनता ने जो उम्मीद जताई है, उस पर खरा उतरने का कार्य प्राथमिकता होगा।

बैठक में वक्ताओं ने साझा रूप से कहा कि गठबंधन की सभी इकाइयों और कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक मजबूती से चुनाव लड़ने का संकल्प लिया है। संबोधित करने वालों में जिला राजद अध्यक्ष शेषनाथ यादव, सीपीएम जिला सचिव प्रभस सिंह, वीआईपी अध्यक्ष अनिल चौधरी, सीपीआई के पूर्व सांसद तेज नारायण यादव, माले नेता नवीन समेत कई राजनीतिक प्रतिनिधि शामिल थे।

मंच का संचालन डॉ. प्रमोद ओझा ने किया जिन्होंने 6 नवंबर को अधिकतम मतदान सुनिश्चित कर गठबंधन प्रत्याशियों को विजय दिलाने की अपील की। कार्यक्रम का समापन किसान कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।