जॉब कैंप में 17 युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका
बक्सर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का बेहतर अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में आगामी 9 अक्टूबर को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में निजी क्षेत्र की कंपनी हेलो मोबाइल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कंप्यूटर क्षेत्र में प्रशिक्षित योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर चयन किया जाएगा।

__कंप्यूटर क्षेत्र में प्रशिक्षित स्नातकों के लिए सुनहरा अवसर, 9 अक्टूबर को होगा ऑन-स्पॉट चयन
केटी न्यूज/बक्सर।
बक्सर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का बेहतर अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में आगामी 9 अक्टूबर को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में निजी क्षेत्र की कंपनी हेलो मोबाइल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कंप्यूटर क्षेत्र में प्रशिक्षित योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर चयन किया जाएगा। कंपनी की ओर से कुल 17 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजगार शिविर में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी प्रशिक्षक के पद के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 14,326 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।

इसके लिए अभ्यर्थियों की आयु 22 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।पद के लिए अभ्यर्थी का कंप्यूटर विज्ञान में स्नातक, सूचना प्रौद्योगिकी में स्नातक अथवा कंप्यूटर इंजीनियरिंग/सूचना प्रौद्योगिकी में डिप्लोमा होना आवश्यक है। इसके साथ ही कंप्यूटर क्षेत्र में एक से दो वर्ष का शिक्षण अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। खास बात यह है कि इस पद के लिए महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल बक्सर ही रहेगा।

--कहां और कब होगा चयन
जिला नियोजनालय परिसर में स्थित संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई मैदान, बक्सर में रोजगार शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का संचालन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने बायोडाटा और आधार कार्ड के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। रोजगार शिविर में प्रवेश और भागीदारी पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।शिविर में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधित होना अनिवार्य है। जिन युवाओं का अब तक नियोजनालय में निबंधन नहीं हुआ है, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं।नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि रोजगार शिविर की पूरी प्रक्रिया में उसकी भूमिका केवल सुविधा प्रदाता की होगी। नियुक्ति से जुड़ी शर्तों और अन्य जिम्मेदारियों के लिए संबंधित नियोजक स्वयं उत्तरदायी होंगे। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को शिविर में पहुंचकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाएं।

