एसआईआर के खिलाफ डुमरांव में इंडिया गठबंधन का हुंकार
असंवैधानिक एसआईआर के खिलाफ बुधवार को डुमरांव में इंडिया गठबंधन के संयुक्त नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने और इसके दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा जोड़ने की मांग को लेकर गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर प्रदर्शन किया।


__ “वोट चोर ज्ञानेश–मोदी–शाह गद्दी छोड़ो” के नारों से गूंजा शहर, मतदाता सूची से हटाए नाम जोड़ने की मांग
केटी न्यूज/डुमरांव।
असंवैधानिक एसआईआर के खिलाफ बुधवार को डुमरांव में इंडिया गठबंधन के संयुक्त नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने और इसके दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा जोड़ने की मांग को लेकर गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। “वोट चोर ज्ञानेश–मोदी–शाह गद्दी छोड़ो”, “असंवैधानिक एसआईआर रद्द करो”, “एसआईआर के बाद हुए सभी चुनाव रद्द करो” और “काटे गए सभी नाम मतदाता सूची में वापस जोड़ो” जैसे नारों से डुमरांव गूंजता रहा।प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन से पहले इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध मार्च निकाला।

मार्च मुख्य मार्ग से होते हुए गोला रोड, शहीद पार्क और नया थाना के रास्ते नगर पालिका के सामने पहुंचा, जहां यह सभा में तब्दील हो गया। सभा में वक्ताओं ने एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए गंभीर चुनौती बताया।वक्ताओं ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने एसआईआर को तत्काल रद्द करने, पुनरीक्षण के दौरान हटाए गए सभी मतदाताओं के नाम बिना भेदभाव के मतदाता सूची में शामिल करने तथा एसआईआर के बाद हुए चुनावों को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की मांग की।प्रदर्शन के बाद मुख्य बाजार में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुतले का दहन किया गया।

इस दौरान ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली और उनकी मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।कार्यक्रम में भाकपा-माले के राज्य कमिटी नेता धर्मेन्द्र सिंह, जिला कमिटी सदस्य ललन राम, कन्हैया पासवान, कृष्णा राम, संजय शर्मा, शंकर तिवारी, सर्वेश पाण्डेय, मो. नासिर हसन, शैलेन्द्र पासवान, जाबिर कुरैशी, भगवान दास और धनई राम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।वहीं राजद के वरिष्ठ नेता अखिलेश यादव, मनोज कुमार ठाकुर, लाटू यादव, जगनारायण सिंह, मनीष यादव, नागेन्द्र सिंह और मुन्ना खां तथा सीपीआई के ओम प्रकाश सिंह, शमीम मंसूरी, कृष्णा जी और सुदामा जी सहित इंडिया गठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।

