बक्सर में रेड के दौरान बवाल: वारंटी को बचाने के लिए पुलिस पर टूट पड़े हमलावर, एसआई का हाथ टूटा, कई जवान घायल

नगर थाना क्षेत्र के बुधनपुरवा मोहल्ले में एक वारंटी की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर बुधवार को अचानक हुए हमले ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दे दी। वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने टीम पर धावा बोल दिया, जिसमें दो सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।

बक्सर में रेड के दौरान बवाल: वारंटी को बचाने के लिए पुलिस पर टूट पड़े हमलावर, एसआई का हाथ टूटा, कई जवान घायल

__ बुधनपुरवा में गिरफ्तारी अभियान पर हमला, हायर सेंटर रेफर किए गए एसआई अजय कुमार; आरोपितों की धरपकड़ के लिए देर रात तक चलती रही छापेमारी

केटी न्यूज/बक्सर

नगर थाना क्षेत्र के बुधनपुरवा मोहल्ले में एक वारंटी की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर बुधवार को अचानक हुए हमले ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दे दी। वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने टीम पर धावा बोल दिया, जिसमें दो सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल अधिकारियों में एक सब इंस्पेक्टर का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज कर दी गई हैं और हमले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।जानकारी के अनुसार नगर थाना की पुलिस न्यायालय से निर्गत वारंट के निष्पादन के लिए बुधनपुरवा मोहल्ले में एक पुराने वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची थी।

पुलिस टीम कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी ही थी कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने गिरफ्तारी का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और घायल साथियों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।हमले में सब इंस्पेक्टर अजय कुमार और धीरज कुमार सहित दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद पाया कि अजय कुमार के हाथ में फ्रैक्चर है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

वहीं सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार और दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज सदर अस्पताल में किया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ हमले में शामिल आरोपितों की पहचान में जुटी है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है ताकि हमले में शामिल किसी भी आरोपी को बचने का मौका न मिल सके।इस घटना को पुलिस पर सीधे हमले के रूप में देखा जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के वारंट का निष्पादन करने गई पुलिस टीम पर हमला करना गंभीर अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।