अतुल सैनी को नम आंखों से अंतिम विदाई, शव पहुंचते ही पुराना भोजपुर में मचा कोहराम

झारखंड के चतरा में निजी अंगरक्षक की गोली से हत्या के शिकार हुए बक्सर जिले के पुराना भोजपुर निवासी एवं पूर्व असम राइफल्स जवान अतुल कुमार सैनी का पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव उनके पैतृक गांव लाया गया। गांव में शव पहुंचते ही मातम पसर गया।

अतुल सैनी को नम आंखों से अंतिम विदाई, शव पहुंचते ही पुराना भोजपुर में मचा कोहराम

__ चतरा में दिनदहाड़े हत्या के बाद बुधवार को पैतृक गांव पहुंचा शव; अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब, परिजनों के क्रंदन से गमगीन हुआ पूरा गांव

केटी न्यूज/डुमरांव

झारखंड के चतरा में निजी अंगरक्षक की गोली से हत्या के शिकार हुए बक्सर जिले के पुराना भोजपुर निवासी एवं पूर्व असम राइफल्स जवान अतुल कुमार सैनी का पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव उनके पैतृक गांव लाया गया। गांव में शव पहुंचते ही मातम पसर गया। दरवाजे पर जैसे ही एंबुलेंस रुकी, परिजनों के क्रंदन और चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो उठा। हर आंख नम थी और गांव का शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति रहा हो जो अंतिम दर्शन के लिए न पहुंचा हो।अतुल का पार्थिव शरीर देखते ही उनकी पत्नी निक्की देवी बेसुध होकर विलाप करने लगीं। पिता लक्ष्मण प्रसाद सैनी, बड़े भाई अमन सैनी, छोटे भाई अक्षय कुमार और बहन साक्षी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।

परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे लोग भी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। घर के आंगन में मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं।शव के गांव पहुंचने की खबर मिलते ही पुराना भोजपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। गांव की गलियां लोगों से इस कदर भर गईं कि तिल रखने तक की जगह नहीं बची। कई लोग अपने घरों की छतों, खिड़कियों और दीवारों पर खड़े होकर अतुल की अंतिम झलक पाने का प्रयास करते दिखे। अंतिम यात्रा में भी भारी भीड़ शामिल हुई और पूरा गांव शोक में डूबा नजर आया।ग्रामीणों ने बताया कि अतुल सरल, मिलनसार और अनुशासित स्वभाव के युवक थे। सेना की सेवा के बाद भी उन्होंने अपने व्यवहार और कर्मठता से लोगों का सम्मान अर्जित किया था। उनकी असमय मौत ने पूरे गांव को गहरा आघात पहुंचाया है।

लोगों का कहना था कि डेढ़ वर्ष की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ जाना सबसे अधिक पीड़ादायक है।ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए हत्यारोपित को शीघ्र कठोर से कठोर सजा दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि मामूली कहासुनी में इस तरह एक युवक की जान ले लेना बेहद दुखद और निंदनीय है। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। मृतक के अंतिम संस्कार में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।