ओवरटेक की जल्दबाजी बनी हादसे की वजह, बगेन-कोरानसराय मार्ग पर तीन ट्रक भिड़े
बगेन-कोरानसराय मुख्य मार्ग पर सोमवार देर रात ओवरटेक की जल्दबाजी ने बड़ा सड़क हादसा करा दिया। मुरार थाना क्षेत्र के मुरार खेल मैदान के समीप रात करीब 11 बजे तीन भारी ट्रक एक के बाद एक आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सीमेंट से लदा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में फंस गया।

__ मुरार खेल मैदान के पास देर रात हुआ हादसा, सीमेंट लदा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त; चालक घायल, बड़ी जनहानि टली
केटी न्यूज/डुमरांव
बगेन-कोरानसराय मुख्य मार्ग पर सोमवार देर रात ओवरटेक की जल्दबाजी ने बड़ा सड़क हादसा करा दिया। मुरार थाना क्षेत्र के मुरार खेल मैदान के समीप रात करीब 11 बजे तीन भारी ट्रक एक के बाद एक आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सीमेंट से लदा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में फंस गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ब्रह्मपुर से नो-एंट्री समाप्त होने के बाद भारी वाहनों का काफिला बगेन-कोरानसराय मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान एक 18 चक्का हाइवा को ओवरटेक करने की कोशिश में 12 चक्का ट्रक (डब्लू बी 23 सी 8027) का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक आगे चल रहे सीमेंट लदे वाहन से जा भिड़ा। टक्कर के कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रहा 22 चक्का ट्रेलर भी दोनों वाहनों से टकरा गया, जिससे तीनों ट्रकों को भारी नुकसान पहुंचा।हादसे में सीमेंट लदे ट्रक के चालक नरेश यादव (50 वर्ष), पिता कमलेश यादव, घायल हो गए।

वह केबिन में फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। उनके बाएं पैर में चोट आई है। चौगाईं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. मितेंद्र कुमार ने बताया कि चालक का उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। क्षतिग्रस्त सीमेंट लदे ट्रक को सड़क से हटाने के लिए पहले उसमें लदा सीमेंट अनलोड कराया जाएगा, ताकि यातायात पूरी तरह बहाल किया जा सके। पुलिस ने बताया कि हादसे में तीनों ट्रक क्षतिग्रस्त हुए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

