लूटपाट का विरोध करने पर बालू लदे ट्रक चालक को बदमाशों ने मारी गोली, पटना रेफर

लूटपाट का विरोध करने पर बालू लदे ट्रक चालक को बदमाशों ने मारी गोली, पटना रेफर

आरा-छपरा फोरलेन पर कोईलवर थाने के चनपुरा गांव के समीप की सोमवार की शाम की वारदात 

अपराधियों की पहचान और धरपकड़ में जुटी पुलिस, घायल चालक से ली घटना की जानकारी 

केटी न्यूज/आरा

आरा-छपरा फोरलेन पर कोईलवर थाना क्षेत्र के चनपुरा गांव के समीप लूटपाट का विरोध करने पर एक ट्रक चालक को गोली मार दी गयी। उसे दो गोली मारी गयी है, जो उसके दाहिने जांघ के पास लगी है। उसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। कोईलवर पीएचसी में इलाज के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया है।

घटना सोमवार की शाम करीब आठ बजे की है। जख्मी चालक झारखंड के देवघर निवासी जयराम यादव का 28 वर्षीय पुत्र विक्रम यादव है। कम उम्र के दो लड़कों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों भाग निकले। बताया जा रहा है कि चालक विक्रम यादव बालू लेने संदेश थाना क्षेत्र के नारायणपुर घाट आया था।

बालू लोड करने के बाद वह आरा-छपरा फोरलेन होते डोरीगंज की ओर जा रहा था। उस दौरान चनपुरा गांव के पास वह पेशाब करने ट्रक से नीचे उतरा। तभी बाइक सवार दो कम उम्र के लड़के पहुंचे और चालक से पैसे छीनने लगे। उसे लेकर उनके बीच हाथापाई होने लगी। उसी क्रम में एक बदमाश द्वारा ताबड़तोड़ दो गोली मार दी गयी।

जांघ में गोली लगने के बाद चालक गिर पड़ा। तब दोनों बदमाश भाग निकले। उसके बाद जख्मी चालक को कोईलवर पीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस बदमाशों की पहचान और धरपकड़ में जुटी है।