बहन की डोली से पहले उठी भाईयों अर्थियां: कार्ड बांटने निकले सगे भाइयों को ट्रक ने रौंदा

बक्सर-पटना फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। जिस घर में कुछ दिनों बाद बहन की शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले दो सगे भाइयों की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

बहन की डोली से पहले उठी भाईयों अर्थियां: कार्ड बांटने निकले सगे भाइयों को ट्रक ने रौंदा

__ बहन की शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, ब्रह्मपुर में बक्सर-पटना फोरलेन पर दर्दनाक हादसे के बाद भड़का गुस्सा, घंटों जाम रहा हाईवे

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।

बक्सर-पटना फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। जिस घर में कुछ दिनों बाद बहन की शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले दो सगे भाइयों की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।घटना ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कुआवान गांव के पास हुई, जो बक्सर और भोजपुर जिले की सीमा पर स्थित है। मृतकों की पहचान मुन्ना पासवान (25 वर्ष) और उनके छोटे भाई गणेश पासवान (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बृज बिहारी पासवान के पुत्र थे।

बताया जाता है कि परिवार में बहन की शादी तय थी और घर में खुशी का माहौल था। रिश्तेदारों के आने-जाने का सिलसिला शुरू हो चुका था। शादी की तैयारियों के बीच दोनों भाई मंगलवार को बाइक से रिश्तेदारों और परिचितों के यहां निमंत्रण कार्ड देने निकले थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाई फोरलेन पर अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। दो जवान बेटों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-922 को जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कई यात्री घंटों फंसे रहे।ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासन पर फूट पड़ा। लोगों ने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की। उनका कहना था कि इस फोरलेन पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

स्थिति बिगड़ती देख ब्रह्मपुर समेत आसपास के चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और दोषी ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल कराया गया।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, खतरनाक ओवरटेकिंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आम बात हो चुकी है। फोरलेन बनने के बाद वाहन तेजी से दौड़ते हैं, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम बेहद कमजोर हैं। यही वजह है कि आए दिन हादसे हो रहे हैं और निर्दोष लोग जान गंवा रहे हैं।

इधर, जैसे ही दोनों भाइयों की मौत की खबर घर पहुंची, शादी की सारी तैयारियां थम गईं। जिस आंगन में मांगलिक गीत गूंज रहे थे, वहां चीख-पुकार मच गई। मां-बाप बेसुध हो गए और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल के लिए कैमरे लगाए जाएं, नियमित पुलिस गश्त हो, भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाई जाए और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो यह फोरलेन आगे भी कई घरों की खुशियां छीनता रहेगा।