नादाव हॉल्ट के पास संदिग्ध हालात में व्यापारी की मौत, जांच में जुटी जीआरपी
दानापुर–डीडीयू रेलखंड के नादाव हॉल्ट के समीप सोमवार को एक स्थानीय व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान डुमरांव निवासी 66 वर्षीय शिवरात्रि प्रसाद के रूप में की गई है, जो इलाके में आलू-प्याज के थोक व्यापार से जुड़े थे।
__ सुबह काम से निकले थे, शाम को रेलवे ट्रैक के पास मिला शव, परिजन सदमे में
केटी न्यूज/बक्सर
दानापुर–डीडीयू रेलखंड के नादाव हॉल्ट के समीप सोमवार को एक स्थानीय व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान डुमरांव निवासी 66 वर्षीय शिवरात्रि प्रसाद के रूप में की गई है, जो इलाके में आलू-प्याज के थोक व्यापार से जुड़े थे।जानकारी के अनुसार, शिवरात्रि प्रसाद सोमवार सुबह किसी आवश्यक कार्य से बक्सर के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, पर उनका मोबाइल फोन बंद मिला। इससे परिवार की चिंता बढ़ती गई।

इसी बीच शाम करीब 7 बजे जीआरपी ने सूचना दी कि नादाव हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति का शव मिला है। पहचान के बाद यह पुष्टि हुई कि शव शिवरात्रि प्रसाद का ही है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रेन की चपेट में आने से मौत की बात सामने आई है, हालांकि घटना के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं। मोहल्ले में शोक का माहौल है। परिजन इस घटना को लेकर गहरे सदमे में हैं और उन्हें यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि सुबह घर से निकले शिवरात्रि प्रसाद अब उनके बीच नहीं रहे।जीआरपी मामले की जांच में जुट गई है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

